बुलंद संदेश ब्यूरो
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ के रोहटा क्षेत्र स्थित थिरोट गांव में ललिता गौतम हत्याकांड के बाद हालात को देखते हुए पुलिस ने पूरे गांव को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। गांव में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बाहरी लोगों, राजनीतिक संगठनों और मीडिया की एंट्री पर भी रोक लगा दी गई है। कलक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन और बवाल के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वहीं, लाठीचार्ज के दौरान मृतका के परिजनों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।


