cbamazon
उत्तर प्रदेश

मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

बुलंद संदेश ब्यूरो

हिंदुस्तान प्लेस पार्क से सटी भूमि का नियमानुसार मुआवजा देने की मांग, प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप

चन्दौसी। राष्ट्रीय किसान संघर्ष समिति (अराजनैतिक) के बैनर तले सोमवार को किसानों ने अपनी पूर्व घोषित चेतावनी के अनुसार तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने का नेतृत्व समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर दयाल शर्मा ने किया। किसानों ने असालतपुर जारई स्थित हिंदुस्तान प्लेस पार्क के निकट फोरलेन सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए रामेश्वर दयाल शर्मा ने कहा कि एनएच-509 से बनियाठेर होते हुए चन्दौसी-शाहाबाद मार्ग के फोरलेन निर्माण में प्रभावित किसानों को शासन के आदेशों के अनुरूप मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार अधिकारियों के समक्ष समस्या रखने के बावजूद समाधान नहीं किया गया, जिससे किसानों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रभावित किसानों को सरकारी नियमों के अनुसार उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
धरने में जिला अध्यक्ष राहुल कश्यप, अमर सिंह तोमर, वीरेंद्र तोमर, रामपाल सिंह, उदयपाल सिंह, पप्पू तोमर, अवधेश तोमर, चीनू जैन, रिंकू, ओमवीर सिंह कठेरिया, दिनेश पाल सिंह, मुकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।