बुलन्द संदेश ब्यूरो
सोना लेकर फरार कारीगर, ट्रैफिक जाम, बस सेवा और बिजली समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ।आयुक्त सभागार में गुरुवार को आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और डीआईजी कलानिधि नैथानी की संयुक्त अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मेरठ मंडल के उद्यमियों और औद्योगिक संगठनों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन ने सोना लेकर फरार होने वाले कारीगरों की समस्या उठाई। इस पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सर्राफा बाजार में नियमित पिकेट ड्यूटी लगाई जाती है और व्यापारियों के साथ समय-समय पर बैठक भी की जाती है। डीआईजी ने एसोसिएशन से ऐसे मामलों की एफआईआर की सूची उपलब्ध कराने को कहा।लघु उद्योग भारती ने माप-बाट विभाग में निजी वेंडरों द्वारा नकद शुल्क मांगने का मुद्दा उठाया। विभाग ने बताया कि सभी सेवाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं और लाइसेंसधारियों के लिए पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य किया गया है। आयुक्त ने इस प्रकरण को अगली बैठक में निस्तारित करने के निर्देश दिए।
मिडफो की ओर से औद्योगिक क्षेत्र के लिए सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग पर आयुक्त ने रोडवेज अधिकारियों को उद्यमियों से समन्वय कर श्रमिकों की शिफ्ट के अनुसार बसें संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं मैस्मा कैंची क्लस्टर में बिजली और कूड़ा निस्तारण की समस्या पर अलग से बैठक बुलाने के निर्देश दिए गए।यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों ने शहर में जाम और औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। इस पर डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक यातायात को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी,औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।


