बुलन्द संदेश ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। गुरुवार सुबह मोदीनगर नॉर्थ रैपिड स्टेशन पर फायर अलार्म बजने के बाद कुछ देर के लिए यात्रियों में हलचल मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्टेशन खाली कराकर आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया। बाद में एनसीआरटीसी ने स्पष्ट किया कि यह आपदा प्रबंधन के सुरक्षा मानकों और कर्मचारियों की तत्परता परखने के लिए आयोजित पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल थी।
मॉक ड्रिल के दौरान सुबह करीब साढ़े नौ बजे फायर अलार्म बजते ही यात्रियों को तत्काल स्टेशन खाली करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा प्लेटफॉर्म की ओर जाने वाले लोगों को भी रोक दिया। इस दौरान स्टेशन परिसर में आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी व्यवस्थाओं की जांच की गई। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल का हिस्सा थी। उन्होंने कहा कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर रैपिड रेल के विभिन्न स्टेशनों पर इस प्रकार के अभ्यास कराए जाते हैं। ताकि आपात स्थिति में सुरक्षा कर्मियों की तत्परता, समन्वय और सुरक्षा मानकों की प्रभावशीलता का परीक्षण किया जा सके।
ड्रिल सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद स्टेशन को पुनः यात्रियों के लिए खोल दिया गया और करीब 20 मिनट बाद रैपिड रेल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होने लगी।


