cbamazon
उत्तर प्रदेश

मुक्त व्यापार समझौतों के विरोध में किसान खेत मजदूर संगठन ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

मुक्त व्यापार समझौतों के विरोध में किसान खेत मजदूर संगठन ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 

बुलन्द संदेश/लायबा नूर

 

 

संभल। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को "किसान प्रतिज्ञा दिवस" के अवसर पर भारत सरकार द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए जा रहे मुक्त व्यापार समझौतों के विरोध में राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी संभल को सौंपा।

ज्ञापन में संगठन ने कहा कि भारत-अमेरिका सहित यूरोपीय संघ, यूनाइटेड किंगडम और न्यूजीलैंड के साथ प्रस्तावित एवं किए गए मुक्त व्यापार समझौते देश के किसानों, कृषि मजदूरों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों MSMEs के लिए घातक साबित होंगे। संगठन का आरोप है कि इन समझौतों से विदेशी कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों के लिए भारतीय बाजार खुल जाएगा, जिससे देश के करोड़ों छोटे और मध्यम किसानों की आजीविका पर गंभीर संकट पैदा होगा।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क में कटौती से सस्ते विदेशी उत्पाद भारतीय बाजार में आएंगे, जिससे घरेलू कृषि उत्पादों की कीमतें गिरेंगी और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। संगठन ने बीजों, कृषि-रसायनों और दवा उद्योग पर भी इन समझौतों के प्रतिकूल प्रभाव की आशंका जताई।

किसान नेताओं ने मांग की कि मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं तथा इस विषय पर संसद में विस्तृत चर्चा कराई जाए। संगठन ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि वे केंद्र सरकार को ऐसे समझौतों को लागू करने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दें।

इस दौरान जिला अध्यक्ष सोमपाल सिंह, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष भगवान सिंह तथा जिला सचिव संजय राघव दिनेश गिरी विशेष अमर सिंह महेंद्र सिंह अंकित चाहल वीरभान तारीफ सिंह रामेश्वर सिंह विजय सिंह प्रीतम यादव उदयवीर विसंबर निर्भय शर्मा अंशुल चौधरी तेजपाल सिंह नवकेश चाहल गजराज सिंह रामदास घनश्यामसहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।