cbamazon
उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने से पहले भाकियू नेता हाउस अरेस्ट

मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने से पहले भाकियू नेता हाउस अरेस्ट

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

मोदीनगर (अनवर खान)। भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के आह्वान पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री के मुरादनगर आगमन के दौरान एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड समेत विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने की तैयारी कर रहे संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सत्येंद्र त्यागी को पुलिस ने उनके निवाड़ी स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। इसके बाद भाकियू पदाधिकारियों ने आवास पर ही एकत्र होकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

          भाकियू नेताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री के केपीटी कॉलेज, रावली रोड, मुरादनगर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने से पहले ही पुलिस ने सत्येंद्र त्यागी को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारियों के सत्येंद्र त्यागी के आवास पर पहुंचने की सूचना पर वहां पहुंचे नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एथलीट चिराग त्यागी हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने तथा दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की गई। इसके अलावा गांव महादेव निवासी मोहित त्यागी के सड़क हादसे के मामले में कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। संगठन का आरोप है कि दुर्घटना के बाद भी संबंधित मामले में पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक आंदोलन शुरू करेगा तथा पिलखुवा थाने पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

         ज्ञापन सौंपने वालों में सत्येंद्र त्यागी, नरेंद्र त्यागी, आशीष गर्ग, राजन त्यागी, विक्की त्यागी, जगदीश मांगू, सुबोध त्यागी, सुनील त्यागी, अमित गिरी, निक्कू त्यागी, अवनीश त्यागी, मदनलाल फौजी, गोलू त्यागी, कपिल गर्ग, रामकुमार त्यागी, अंकित त्यागी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।