cbamazon
उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल की प्रतिमा का किया अनावरण

मुख्यमंत्री ने पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल की प्रतिमा का किया अनावरण

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

राजपाल त्यागी को बताया विकास पुरुष 

 

 

मुरादनगर। (नासिर मंसूरी) प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने रावली रोड स्थित कुशलपाल तेजपाल त्यागी (के पी टी)डिग्री कॉलेज परिसर में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनवारण किया। इस दौरान उन्होने राजपाल त्यागी को विकास पुरुष बताया। मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम करीब 4:35 बजे रावली रोड स्थित कुशलपाल तेजपाल त्यागी डिग्री कॉलेज परिसर पहुंचे। वहां पर सबसे पहले उन्होने मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के अजित पाल त्यागी के पिता पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की आदम कद प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्वांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री मुरादनगर विधान सभा सीट से छह बार विधायक बने, दो बार राज्यमंत्री स्वंतत्र प्रभार व दो बार कैबिनेट मंत्री रहे, यह बहुत बड़ी बात है। राजपाल त्यागी ने मुरादनगर क्षेत्र का विकास किया, इसलिए उन्हें विकास पुरुष कहा जाता है। उनका पुत्र विधायक अजितपाल त्यागी अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे और क्षेत्र का विकास कर रहे है। 

राजपाल त्यागी क्षेत्र के लोकप्रिय नेता रहे:

 

जिला बागपत के गांव मुकारी निवासी राजपाल त्यागी गाजियाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे थे। सन 1989 में पहली बार निर्दलीय विधायक बने। इसके बाद वह वह लगातार विधायक रहे। मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से आठ चुनाव लडे़,जिनमें से छह चुनाव जीते। इसके अलावा वह सपा व बसपा सरकार में दो बार राज्यमंत्री व दो कैबिनेट मंत्री बने। राजपाल त्यागी मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय नेता रहे है। अब उनके छोटे पुत्र अजित पाल त्यागी ने लगातार दो बार से विधायक है।

 

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सड़क को दो बार पानी से धोया:

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के आगमन से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने मुरादनगर क्षेत्र को चमकाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के आगमन से पहले दिल्ली मेरठ रोड व रावली रोड को दो बार पानी से धोया गया।

मुख्यमंत्री के आने व जाने से 15 मिनट पहले दिल्ली मेरठ मार्ग व रावली रोड को बंद कर दिया गया। इसके चलते दिल्ली मेरठ रोड व रावली रोड पर जाम जैसी स्थिति बन गई। वाहनों की एक किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा रावली रोड की दुकानें व गली बंद करा दी गई।

सभास्थल पर जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ पहुंचे तो युवाओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। मुख्यमंत्री को देखने के लिए युवाओं में उत्साह देखने लायक था। इसके अलावा रावली रोड पर मुख्यमंत्री का काफिला देखने के लिए लोग सड़क पर आ गए।