बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। मुरादनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान कांग्रेस नेताओं को कथित रूप से हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। शहर कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को जनसमस्याओं से अवगत कराने जा रहे पार्टी नेताओं को प्रशासन ने उनके आवासों पर ही रोक दिया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुनील शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपना चाहता था। आरोप है कि प्रशासन ने उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी और उनके आवास पर ही नजरबंद रखा। बाद में नायब तहसीलदार मुकेश शर्मा ने सुनील शर्मा के आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया। सुनील शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है तथा दलितों, किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों का गन्ना भुगतान लंबित है और निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुपालन को लेकर भी शिकायतें हैं। उनका आरोप था कि कांग्रेस लगातार विभिन्न माध्यमों से इन मुद्दों को उठाती रही है, लेकिन समस्याओं के समाधान के बजाय विपक्षी नेताओं को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष यूथ कांग्रेस अब्दुल कादिर त्यागी, शहर महासचिव आरिफ रिजवी, ब्लॉक अध्यक्ष चांदवीर चौधरी, राकेश सोनी, अनस सैफी, सुनील कटारिया, कल्पना सिंह, बबीता चौधरी, योगेंद्र सिंह, सतेंद्र शर्मा, एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद नासिर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


