मानसून की पहली बारिश में जलमग्न हुआ बिजनौर हाईवे, वाहन खींचते दिखाई दिए चालक
मेरठ। मवाना और हस्तिनापुर नगर पालिका के अधिकारियों द्वारा बारिश में बचाव को लेकर किया जा रहे तमाम दावे मानसून की पहली बारिश में ही फेल हो गए। सिर्फ एक घंटे की बरसात में मवाना से लेकर हस्तिनापुर तक बिजनौर हाईवे कई जगह जलमग्न हो गया। कई वाहन चालकों के वाहन पानी में बंद हो गए। जिन्हें वह सड़क पर खींचते दिखाई दिए।
बताते चलें कि बृहस्पतिवार की सुबह लगभग एक घंटे झमाझम बारिश हुई। इस दौरान मवाना थाने से लेकर हस्तिनापुर हाईवे तक भारी जलभराव हो गया। सड़क पर लगभग दो फुट तक पानी ही पानी दिखाई दिया। जिसमें कई दोपहिया वाहन बंद हो गए।
भारी बारिश के बीच वाहन चालक अपने वाहनों को पैदल धक्का मार कर निकलते हुए दिखाई दिए। वहीं, राहगीर भी घुटनों तक भरे हुए पानी में गुजरते नजर आए। रहमापुर गांव में भी भारी जलभराव देखने को मिला। बताते चलें कि दोनों नगर पालिका के अधिकारी बारिश के इंतजामों में जलभराव को लेकर तमाम दावे कर रहे थे। मगर यह दावे मानसून की पहली बारिश में ही फेल हो गए।


