cbamazon
उत्तर प्रदेश

मारपीट में घायल युवक की मौत, परिजनों व ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

मारपीट में घायल युवक की मौत, परिजनों व ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

मोदीनगर (अनवर खान)।

भोजपुर थाना क्षेत्र के चुड़ियाला गांव में तीन दिन पूर्व हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पर प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा बढ़ाने की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

           पुलिस के अनुसार चुड़ियाला गांव निवासी विक्रांत जाटव 10 जुलाई की रात गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले के चार युवकों ने उस पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया था। हमले में गंभीर रूप से घायल विक्रांत को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर मेरठ के अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। मृतक की मां कुंती देवी ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने विक्रांत पर सुनियोजित तरीके से हमला किया और घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है। "हत्या के इस मामले को लेकर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने भोजपुर थाने के समक्ष प्रदर्शन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग की।

          एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि इस मामले में चुड़ियाला निवासी आकाश, योगेश, प्रथम और निशांत उर्फ नोनू के खिलाफ पहले से मारपीट का मुकदमा दर्ज है। विक्रांत की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा भी जोड़ी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।