cbamazon
उत्तर प्रदेश

मेरठ के शहद की मिठास अब मॉरीशस तक पहुंचेगी

मेरठ के शहद की मिठास अब मॉरीशस तक पहुंचेगी

इंटरनेशनल ट्रेड शो में अघेरा गांव के रैंट्रोव हनी को मिला विदेशी बाजार का अवसर

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। अघेरा गांव में तैयार होने वाले प्राकृतिक शहद की मिठास अब मॉरीशस के बाजार तक पहुंचने की तैयारी में है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में मेरठ की कंपनी रैंट्रोव हनी के उत्पादों को विदेशी खरीदारों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। मॉरीशस की खरीदार जूली डी ने अजवाइन और सरसों के शहद का स्वाद चखा और दोनों किस्मों को पसंद किया।

बी2बी बैठक के दौरान जूली डी ने रैंट्रोव हनी को अपने शॉपिंग मार्ट के माध्यम से मॉरीशस के बाजार में उतारने में रुचि दिखाई। कंपनी के उत्पादों को मूल्यांकन के लिए भेजा गया है। अगले सप्ताह रिपोर्ट आने के बाद मॉरीशस में उत्पादों की लॉन्चिंग और बिक्री को लेकर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।

पिछले साल मिले 46 टन के ऑर्डर

रैंट्रोव हनी के लिए विदेशी बाजार में यह पहला अवसर नहीं है। कंपनी के अनुसार, पिछले वर्ष वियतनाम, मॉरीशस और इंडोनेशिया से कुल 46 टन शहद के ऑर्डर मिले थे। कंपनी अजवाइन, मल्टी फ्लोरा और सरसों सहित कई किस्मों का शहद तैयार करती है।

भाई-बहन ने गांव से शुरू किया कारोबार

रैंट्रोव हनी का संचालन अघेरा गांव निवासी युवा उद्यमी भारत अघेरा कर रहे हैं, जबकि उनकी बहन राखी अघेरा मार्केटिंग का काम संभालती हैं। भाई-बहन की जोड़ी स्थानीय स्तर पर तैयार प्राकृतिक शहद को बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग के जरिए देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।कंपनी संचालक भारत अघेरा ने बताया कि पांच दिन चले ट्रेड शो में उनके काउंटर पर रोजाना अच्छी बिक्री हुई। देश के विभिन्न हिस्सों से आए ग्राहकों के साथ विदेशी खरीदारों ने भी शहद की अलग-अलग किस्मों में रुचि दिखाई।

अघेरा गांव से शुरू हुआ रैंट्रोव हनी का सफर अब विदेशी बाजारों तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मॉरीशस में शॉपिंग मार्ट के जरिए संभावित बिक्री से कंपनी को नए बाजार में प्रवेश का अवसर मिलेगा।