cbamazon
उत्तर प्रदेश

मेरठ में अवैध तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

मेरठ में अवैध तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

पुलिस पर फायरिंग कर रहे दो आरोपी दबोचे, निशानदेही पर मकान में चल रही फैक्टरी पकड़ी; छह तैयार और 11 अधबने तमंचे बरामद

मेरठ। विधानसभा और पंचायत चुनाव से पहले मेरठ पुलिस ने अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। भावनपुर और इंचौली थाना पुलिस ने स्वाट टीम देहात के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, लू-बक्सर मोड़ पर पकड़े गए दो आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। इसके बाद उनकी निशानदेही पर इंचौली क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी में एक मकान के अंदर चल रही अवैध तमंचा फैक्टरी पकड़ी गई।

पुलिस ने मौके और आरोपियों के कब्जे से .315 बोर के छह तैयार तमंचे, 11 अधबने तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा तमंचे बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और बड़ी मात्रा में कच्चा माल भी मिला। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी।

लू-बक्सर मोड़ पर पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, 26 अक्तूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि लू-बक्सर मोड़ से आगे दो व्यक्ति अवैध तमंचों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना पर भावनपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर तमंचों से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी इस दौरान बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सलीमुद्दीन निवासी अहमदनगर बड़ला, थाना किला परीक्षितगढ़ और संतरपाल निवासी मुबारिकपुर, थाना भावनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए।

मकान के पिछले कमरे में चल रही थी फैक्टरी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने वाले अन्य लोगों की जानकारी मिली। इसके बाद भावनपुर और इंचौली पुलिस ने स्वाट टीम देहात के साथ आशियाना कॉलोनी में एक मकान पर दबिश दी। पुलिस को मकान के पिछले कमरे में तमंचे बनाने का काम चलता मिला।मौके से मेहराजुद्दीन, सारून और राशिद को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यहां से चार तैयार तमंचे, 11 अधबने तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। इस तरह पूरी कार्रवाई में छह तैयार तमंचे, 11 अधबने तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस मिले।

हथियार बनाने के उपकरण भी बरामद

पुलिस ने फैक्टरी से तमंचों की आठ नाल, 50 फायरिंग पिन, 27 स्प्रिंग, लोहे की पत्तियां, हथौड़ियां, छेनी, प्लास, लोहे की रॉड, ग्राइंडर मशीन और ड्रिल मशीन समेत कई उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध हथियार तैयार कर आर्थिक लाभ के लिए उनकी बिक्री करते थे।गिरफ्तार अन्य आरोपियों में मेहराजुद्दीन और राशिद अहमदनगर बड़ला के निवासी हैं, जो वर्तमान में आशियाना कॉलोनी में रह रहे थे। वहीं, सारून ग्राम जई, थाना भावनपुर का निवासी है। पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

मुकदमा दर्ज, न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई

इस मामले में थाना भावनपुर में मुकदमा संख्या 403/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अवैध हथियारों के निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही हैं।