cbamazon
उत्तर प्रदेश

*मेरठ में कांग्रेस नेताओं के काफिले को रोके जाने पर सियासत गरम, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप*

*मेरठ में कांग्रेस नेताओं के काफिले को रोके जाने पर सियासत गरम, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप*

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

गाजियाबाद (आशा चौधरी) मेरठ में जनहानि से प्रभावित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं के काफिले को पुलिस द्वारा रोकने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में सांसद के.एल. शर्मा, सांसद इमरान मसूद, सांसद तनुज पुनिया, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, विधायक वीरेंद्र सिंह, पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल सहित कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मेरठ में जनहानि से प्रभावित परिवार से शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए रवाना हुआ था। प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव और गाजियाबाद के अन्य पदाधिकारी भी शामिल थे।

कांग्रेस का दावा है कि यूपी गेट से रवाना होने के बाद मेरठ टोल प्लाजा पर पुलिस प्रशासन ने काफिले को रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतंत्र की भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि यदि विपक्ष को पीड़ित परिवारों से मिलने और उनका दुख साझा करने से भी रोका जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पुलिस प्रशासन का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उनका कहना था कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए विपक्ष की गतिविधियों पर रोक लगाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष के साथ इसी प्रकार का व्यवहार जारी रहा तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन चलाएगी। इस दौरान पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष हरेंद्र कसाना, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी रिजवान मलिक, महिला जिला अध्यक्ष डॉली त्यागी, विश्वदीप त्यागी, अजय शर्मा, शशि भूषण शर्मा, आसिफ सैफी सहित जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।