cbamazon
उत्तर प्रदेश

मेरठ में खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी शुरू, 10 दिन तक मिलेगी स्वदेशी उत्पादों की सौगात

मेरठ में खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी शुरू, 10 दिन तक मिलेगी स्वदेशी उत्पादों की सौगात

राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी समेत जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ, खादी के कपड़ों से कश्मीरी शॉल तक के लगे स्टॉल

संवाददाता जावेद अब्बासी 

मेरठ। खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेरठ में मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी शुरू हो गई। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित 10 दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ शनिवार को राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज और महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने संयुक्त रूप से किया।

प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ दूसरे राज्यों की इकाइयों ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं। यहां खादी के कपड़ों, रेशमी साड़ियों, कश्मीरी शॉल, क्रॉकरी और सूखे मेवों सहित कई तरह के उत्पाद उपलब्ध हैं। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी का अवसर मिलने के साथ ग्रामीण कारीगरों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पाद बेचने के लिए बाजार भी मिल रहा है।उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और उत्पादों की जानकारी ली। सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद ने कहा कि खादी का ग्रामीण अर्थव्यवस्था से पुराना नाता रहा है। महात्मा गांधी ने खादी को स्वदेशी आंदोलन की पहचान बनाया था। आज भी खादी आत्मनिर्भरता और स्वदेशी भावना का प्रतीक है।

कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने शहरवासियों से प्रदर्शनी में पहुंचकर खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन मिलता है। इससे उनके रोजगार और कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने अतिथियों का खादी का पटका पहनाकर स्वागत किया। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने अतिथियों को चरखे के स्मृति चिह्न भेंट किए। उन्होंने प्रदर्शनी की जानकारी देते हुए लोगों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।इस दौरान आरजी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया। छात्राओं ने नाटक के माध्यम से भी देश में बने उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी पुरस्कार योजना के तहत खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों को सम्मानित किया गया।आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराना और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देना है। प्रदर्शनी के माध्यम से मेरठ और आसपास के लोगों को विभिन्न क्षेत्रों के स्वदेशी उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा।