बुलन्द संदेश /ब्यूरो
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ।आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद को शुक्रवार को ललिता हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जाते समय पुलिस ने सिवाया टोल प्लाजा पर रोक दिया। पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग किए जाने के बाद सांसद अपने समर्थकों के साथ दिल्ली-देहरादून हाईवे पर धरने पर बैठ गए।
चंद्रशेखर आज़ाद पूर्व एडीजी प्रेम प्रकाश और समर्थकों के काफिले के साथ पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। सिवाया टोल प्लाजा पर पुलिस ने उनका काफिला आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद उन्होंने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया।
धरने को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि जब तक उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने और उनकी समस्याएं सुनने नहीं दी जाएंगी, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे। उन्होंने मेरठ कलेक्ट्रेट में हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि न्याय की मांग कर रहे लोगों के साथ पुलिस ने सख्ती की। उनका कहना था कि जब भी वे किसी पीड़ित परिवार से मिलने जाते हैं, उन्हें रास्ते में रोक दिया जाता है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।
धरने के दौरान सिवाया टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सांसद से बातचीत कर स्थिति सामान्य कराने का प्रयास करते रहे।


