चोरी की आठ बाइक समेत 10 वाहन बरामद, कैंट क्षेत्र के पुराने खंडहरों में छिपाते थे चोरी के वाहन
बुलंद संदेश ब्यूरो जावेद अब्बासी
मेरठ। सदर बाजार थाना पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की आठ मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। बरामद वाहनों की कुल संख्या 10 है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने शहर के अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि आरोपी चोरी के वाहनों को कैंट क्षेत्र में सेना के पुराने खंडहरों में छिपाकर रखते थे। बाद में मौका मिलने पर वाहनों या उनके पुर्जों को बेच देते थे और मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
पुलिस ने राहुल कुमार निवासी पांचली बुजुर्ग, थाना सरूरपुर, हाल निवासी कंकरखेड़ा; विजय सक्सेना निवासी बहसूमा; विजय कुमार निवासी जेल चुंगी, मेरठ और नितिन कुमार निवासी गढ़ रोड, मेरठ, हाल निवासी मोदीनगर, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया है।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मेरठ और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर सदर बाजार थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।


