बुलन्द संदेश/ दानिश अली
सम्भल। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) के तहत जनपद सम्भल में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देशन में शुक्रवार को एंटी रोमियो टीमों और महिला पुलिसकर्मियों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान बहु-बेटी सम्मेलन कार्यक्रमों का आयोजन कर चौपाल लगाई गई,जहां बालिकाओं और महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित किया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें सामाजिक सुरक्षा,आत्मनिर्भरता और कानून से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही उनकी समस्याएं सुनकर समाधान के लिए आश्वस्त किया गया।
अभियान के तहत प्रमुख बाजारों,चौराहों,स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर एंटी रोमियो टीमों ने लोगों को जागरूक किया।महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090,पुलिस आपातकालीन सेवा 112,सीएम हेल्पलाइन 1076,महिला हेल्पलाइन 181,एम्बुलेंस सेवा 108,स्वास्थ्य सेवा 102 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा,ताकि हर महिला खुद को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सके।


