cbamazon
उत्तर प्रदेश

मिशन शक्ति का अंतर्गत संभल में महिलाओं को किया जागरूक

मिशन शक्ति का अंतर्गत संभल में महिलाओं को किया जागरूक

 

बुलन्द संदेश/लाएबा नूर

सम्भल। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे “मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण)” के तहत जनपद संभल में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के दिशा निर्देशन में गुरुवार को एंटी रोमियो टीमों और महिला पुलिसकर्मियों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
      अभियान के अंतर्गत बहु-बेटी सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किए गए,जहां बालिकाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने,अपनी समस्याओं को खुलकर रखने और कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही गांवों और कस्बों में चौपाल लगाकर महिला संबंधित समस्याओं के त्वरित निस्तारण की जानकारी दी गई।महिला पुलिसकर्मियों ने बाजारों,स्कूल-कॉलेजों, चौराहों, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर पंपलेट वितरित किए और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090,पुलिस आपातकालीन सेवा 112,सीएम हेल्पलाइन 1076,महिला हेल्पलाइन 181,एम्बुलेंस सेवा 108,स्वास्थ्य सेवा 102 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 प्रमुख रूप से शामिल हैं।इसके अलावा मोबाइल फोन पर इमरजेंसी कॉल और पैनिक बटन के उपयोग का डेमो भी दिया गया,जिससे महिलाएं किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद प्राप्त कर सकें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षित वातावरण देना है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना भी है।जनपद में चलाया गया यह अभियान महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा के प्रति विश्वास भी मजबूत कर रहा है।