cbamazon
उत्तर प्रदेश

मढ़न में मस्जिद व अवैध मकानों पर चला बुलडोजर

मढ़न में मस्जिद व अवैध मकानों पर चला बुलडोजर

बुलन्द संदेश/मोनू कुमार

सम्भल। असमोली थाना क्षेत्र के मढ़न गांव में मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईदगाह,मस्जिद और अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया। दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में 25 फीट ऊंची ईदगाह की मीनार को ढहा दिया गया,जबकि मस्जिद के शेष हिस्से को भी तोड़ा जा रहा है। मौके पर किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस,पीएसी और आरएएफ के 100 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं।
       कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह सक्रिय रहा। मौके पर दो नायब तहसीलदार और आठ लेखपाल मौजूद रहे, जबकि आसपास के लोगों के आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई। इससे पहले दोपहर ढाई बजे दो अवैध मकानों को भी ध्वस्त किया गया। विरोध करने पर तहसीलदार ने संबंधित लोगों को बैनामा और न्यायालय में अपना पक्ष रखने की सलाह दी।प्रशासन के अनुसार,यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के तहत की गई है। करीब 6 बीघा भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया था,जिसमें 4 बीघा जमीन सरकारी कब्रिस्तान की बताई गई। इसी भूमि के लगभग 70 वर्गमीटर हिस्से में ईदगाह और मस्जिद का निर्माण किया गया था। वहीं,शेष 2 बीघा जमीन गांव की एक महिला की बताई गई,जिस पर जबरन कब्जा कर मकान बना लिए गए थे।तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से भू-माफियाओं का प्रभाव रहा है। न्यायालय के आदेश के बावजूद कब्जा नहीं हटाया जा रहा था, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों ने जल्दबाजी में अपना सामान हटाया।