बुलन्द संदेश ब्यूरो
सर्किट हाउस में हुई जनसुनवाई में आए नौ मामले, इंचौली में जनचौपाल कर योजनाओं की दी जानकारी
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत ने मंगलवार को सर्किट हाउस में महिलाओं से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की। इस दौरान नौ शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान मनीषा अहलावत ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं से बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं रखने की अपील की।
जनसुनवाई के बाद महिला आयोग की सदस्य ग्राम पंचायत इंचौली के उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंचीं, जहां आयोजित जनचौपाल में उन्होंने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी कराई गई। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


