cbamazon
उत्तर प्रदेश

मजार व इमामबाड़े पर चला बुलडोजर,साढ़े चार बीघा जमीन कब्जा मुक्त

मजार व  इमामबाड़े पर चला बुलडोजर,साढ़े चार बीघा जमीन कब्जा मुक्त

 

बुलन्द संदेश/ दानिश अली 

 

सम्भल। थाना हजरत नगर गढ़ी के मुकर्रबपुर गांव में शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इमामबाड़ा और हजरत शाह मियां नीम मजार पर बुलडोजर चला दिया। सुबह करीब 11:50 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में पांच बुलडोजर और एक पोकलेन मशीन लगाई गई,जो देर तक निर्माण को ध्वस्त करने में जुटी रहीं। शुरुआती चरण में इमामबाड़े का शटर तोड़ दिया गया और धीरे-धीरे पूरी संरचना गिराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

    कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मौके पर चार थानों की फोर्स के साथ पीएसी और आरएएफ के करीब 50 से अधिक जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने एहतियातन ग्रामीणों के घटनास्थल पर आने पर रोक लगा दी,जिससे स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।डीएम ने बताया कि यह जमीन ग्राम समाज की बंजर भूमि है,जिस पर करीब 50 साल पहले अवैध कब्जा कर लिया गया था। कुल साढ़े चार बीघा जमीन की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है। इसमें लगभग 2950 वर्गमीटर क्षेत्र में इमामबाड़ा और 312 वर्गमीटर में मजार का निर्माण किया गया था।प्रशासन के अनुसार,इस मामले की शिकायत 2 मई को लेखपाल द्वारा तहसीलदार न्यायालय में की गई थी।सुनवाई के दौरान संबंधित पक्षों से भूमि के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।इसके बाद 12 जुलाई को कोर्ट ने निर्माण हटाने का आदेश जारी कर दिया।एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की जा रही है। डीएम ने कहा कि कब्जा हटने के बाद इस जमीन को भूमिहीन परिवारों को पट्टे पर देने की योजना बनाई जाएगी।