cbamazon
उत्तर प्रदेश

मजदूर की मौत पर थाने में हंगामा, परिजनों ने हत्या का लगायाआरोप

मजदूर की मौत पर थाने में हंगामा, परिजनों ने हत्या का लगायाआरोप

बुलन्द संदेश ब्यूरो

मोदीनगर (अनवर खान)। मेरठ जनपद के भट्टीपुरा गांव निवासी मजदूर जितेंद्र की मौत को लेकर बुधवार को मोदीनगर थाने पर परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया। कुछ समय तक थाने पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को जांच का भरोसा देकर शांत कराया।

          परिजनों के अनुसार 12 जुलाई को जितेंद्र को उसका एक परिचित मजदूरी कराने के बहाने मेरठ के किठौर क्षेत्र से अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसी रात गदाना गांव के निकट हापुड़ रोड पर वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे गोविंदपुरी स्थिति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक को अस्पताल छोड़ने के बाद उसका साथी मौके से चला गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि जितेंद्र के शरीर पर चोटों के कई निशान थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। उनका दावा है कि मौत से पहले जितेंद्र ने फोन पर अपने साथ मारपीट होने की जानकारी भी दी थी। परिजनों ने पुलिस पर मामले को दुर्घटना बताकर हत्या के पहलू को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है।

            एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि घटना की कड़ियां मेरठ जनपद से जुड़ी होने के कारण मामले की जांच मेरठ पुलिस द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है तथा प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी