डीएम ने सरधना के सलावा और दादरी में बूथों का किया निरीक्षण, पात्र लोगों के नाम जोड़ने के दिए निर्देश
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए शनिवार को जिले के सभी बूथों पर विशेष कैंप लगाए गए। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वीके सिंह ने सरधना क्षेत्र के सलावा और दादरी गांव स्थित बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सलावा-1 और उच्च प्राथमिक विद्यालय दादरी स्थित बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ और संबंधित अधिकारियों से कैंप में आए आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं और प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फॉर्म-6 भरकर जुड़वा सकते हैं नाम
जिलाधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसके लिए जरूरी है कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज हों।इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय वर्धन तोमर, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर, संबंधित अधिकारी, बीएलओ और अन्य लोग मौजूद रहे।


