एसएसपी श्लोक कुमार के नेतृत्व में सुबह 5 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन; ड्रोन और आधुनिक तकनीक की मदद से साइबर हॉटस्पॉट गांवों में कार्रवाई, मोबाइल-लैपटॉप समेत डिजिटल साक्ष्य बरामद
मथुरा। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर मथुरा पुलिस ने मंगलवार तड़के साइबर अपराधियों और ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सुबह करीब 5 बजे पुलिस की 15 से अधिक टीमों ने जिले के विभिन्न साइबर हॉटस्पॉट गांवों में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 50 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। उनके कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान आधुनिक तकनीकी संसाधनों के साथ ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया गया। पुलिस ने मौके से साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए हैं। बरामद मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से गहन पूछताछ जारी है। अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है और पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि साइबर अपराध से आम जनता को सुरक्षित रखने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से जिले के चार थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले कई गांवों को साइबर हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया था। इन्हीं स्थानों पर पुलिस की विशेष टीमों ने समन्वित अभियान चलाया।


