बुलन्द संदेश /ब्यूरो
नौगांवा सादात/अमरोहा (डा. महताब अमरोहवी )
तहसील नौगांवा सादात क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ पुलिस और तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। देर रात संयुक्त अभियान चलाकर याहियापुर कांठ बाईपास पर अवैध रूप से मिट्टी का खनन और परिवहन कर रहे दो लोडरों को पकड़कर सीज कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।नौगांवा सादात थाना पुलिस और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने थाना क्षेत्र के कांठ बाईपास पर छापेमारी कर अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर परिवहन कर रहे दो लोडरों को मौके पर ही पकड़ लिया।जांच के दौरान संबंधित वाहन चालक वैध खनन संबंधी दस्तावेज और अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने दोनों लोडरों को मौके पर ही सीज कर दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।अधिकारीयों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और तहसील प्रशासन ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया, जिसके तहत यह कार्रवाई की गई।प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन माफियाओं के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई को सही कार्यवाही बताते हुए कहा कि अवैध खनन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ सड़कों और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लग सकेगी।फिलहाल संयुक्त टीम द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और अवैध खनन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


