cbamazon
उत्तर प्रदेश

नाले के अवरुद्ध फ्लो से जलभराव,जांच में चिराग पैलेस व स्कूल में मिलीं अनियमितताएं

नाले के अवरुद्ध फ्लो से जलभराव,जांच में चिराग पैलेस व स्कूल में मिलीं अनियमितताएं

सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने किया निरीक्षण। 

बुलन्द संदेश/लायबा नूर

सम्भल। मंगलवार को चौधरी सराय से हसनपुर रोड स्थित नाले में पानी निकासी बाधित होने की शिकायत पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सिलवेन्जा हॉस्पिटल सहित विभिन्न माध्यमों से मिल रही शिकायतों के आधार पर अक्षांश 28.578495 व देशांतर 78.561069 पर स्थित नाले की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान नगरपालिका परिषद की टीम और स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले के फ्लो में रुकावट के कारण मोहल्ला देहली दरवाजा में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है,जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
       जांच के दौरान सामने आया कि पास स्थित चिराग पैलेस द्वारा आयोजनों के बाद निकलने वाला कचरा नाले में बहाया जा रहा है,जिससे पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है। इसके बाद चिराग पैलेस का निरीक्षण किया गया,जहां एक गोदाम में बिना लाइसेंस मक्का का भंडारण पाया गया। इस पर तत्काल मण्डी सचिव को मौके पर बुलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए और भंडारित मक्का को मण्डी की सुपुर्दगी में दे दिया गया।वहीं,चिराग पैलेस के समीप संचालित कायनात इंटरनेशनल स्कूल और मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी के नाम से चल रहे विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। यहां बेसमेंट में कक्षाएं संचालित पाई गईं,जिसमें छोटे बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। इसे नियम विरुद्ध मानते हुए तत्काल बेसमेंट बंद करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने की बात कही गई।प्रशासन ने नगरपालिका टीम को निर्देशित किया है कि नाले में आ रही सभी बाधाओं को तुरंत हटाकर जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों को राहत दिलाई जाए।