बुलन्द संदेश /ब्यूरो
अमरोहा (डा. महताब अमरोहवी )
अमरोहा में आज कक्षा 10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसी के साथ विद्यालय में नवीन इंटरएक्टिव पैनलों का उद्घाटन मुख्य अतिथि डा0 वीर विरेन्द्र सिंह प्राचार्या जगदीश सरन हिन्दू महाविद्यालय, अमरोहा ने फीता काटकर किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि आधुनिक तकनीक से युक्त ये इंटरएक्टिव पैनल विद्यार्थियों के शिक्षण-अधिगम को और अधिक प्रभावी, रोचक एवं तकनीक आधारित बनाएंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेंगे।विद्यालय के कक्षा 10 एवं 12 के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किये गए। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण को प्राथमिकता देनी चाहिए विषय पर विस्तार से चर्चा की। विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर अभिभावकों एवं शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया।विद्यालय अध्यक्षा अदिति टण्डन ने अतिथि का कार्यक्रम मे आने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया एवं अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय निरंतर उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर रहा है। विद्यालय संरक्षक ,वरिष्ठ समाज सेवी अजय टण्डन ने सम्मानित विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय प्रधानाचार्य डा0 शिक्षा सरदाना ने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।यह आयोजन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ और पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह एवं गर्व का वातावरण रहा।इस अवसर पर समस्त स्टाफ सदस्य व अभिभावक भी उपस्थित रहे।


