cbamazon
उत्तर प्रदेश

नगर पंचायत हर्रा का 10वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया

नगर पंचायत हर्रा का 10वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया

स्वच्छता का संदेश देते हुए नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का लिया संकल्प

बुलंद संदेश ब्यूरो जावेद अब्बासी 

सरूरपुर।नगर पंचायत हर्रा का 10वां स्थापना दिवस बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने स्वच्छता सेवा पखवाड़े के तहत हर्रा को सुंदर और विकसित बनाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने ‘स्वच्छता ही सेवा, स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ संदेश पर आधारित लघु नाटकों की प्रस्तुति देकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी साफ रखने की अपील की गई।

सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि नगर के विकास के साथ स्वच्छता को प्राथमिकता देना जरूरी है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही नगर को बेहतर बनाया जा सकता है।

सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद ने कहा कि हर्रा के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की अपील की।

उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य नरेंद्र सिंह खजूरी ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। वहीं नगर पंचायत चेयरमैन कुंवर मोहम्मद अली ने स्थापना दिवस पर हर्रा को आदर्श नगर पंचायत बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. फुरकान सरधनवी ने किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख ठाकुर मनोज चौहान, रणबीर दहिया, पूर्व प्रधान कविता चौधरी, हाफिज निसार, तमशीर चौहान, रणबीर ठेकेदार, शेरू प्रधान, अशफाक प्रधान, कुंवर नदीम, फुरकान, यामीन प्रधान सहित नगर पंचायत कर्मचारी, सभासद और गणमान्य लोग मौजूद रहे।