बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र त्यागी के नेतृत्व में मंगलवार को दर्जनों ग्रामीणों ने नगर पंचायत निवाड़ी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस संबंध में सात सूत्रीय ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन में नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल त्यागी के निजी परिसर में कराए गए मिट्टी भराव में कथित रूप से सरकारी संसाधनों के उपयोग की जांच, मार्च 2026 से 10 जुलाई तक नगर पंचायत कार्यों में खर्च हुए डीजल-पेट्रोल का सत्यापन, मानकों के विपरीत नियुक्त किए गए आउटसोर्स कर्मचारियों की जांच, श्मशान घाट के निकट निर्माणाधीन दुकानों में प्रयुक्त निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच, नगर पंचायत अध्यक्ष के आवास पर स्थापित हाईमास्ट लाइट की वैधता की जांच, वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच तथा नगर पंचायत की गौशालाओं में पशुओं को उपलब्ध कराए जा रहे चारे एवं पौष्टिक आहार की जांच की मांग की गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नगर पंचायत के विभिन्न कार्यों में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे आमजन में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन पर वीरेंद्र त्यागी के अलावा मनोनीत सभासद सत्येंद्र वाल्मीकि व संगीता त्यागी के अतिरिक्त अवनीश कुमार, निशांत, सुनील कुमार, जितेंद्र त्यागी, संजय त्यागी, आशु शर्मा, पिंटू त्यागी, अमित त्यागी, नितिन बंसल, सुधीर त्यागी, विकास चौधरी, अभिषेक त्यागी, रमेश कश्यप, विशाल त्यागी, अनिल, नौशाद, बिजेंदर, कालू, रजनीश, राजीव, अनुराग, प्रवीण, पंकज, ललित, अरुण, नरेश, सनी, गौरव, रोहन, रविंद्र, देवेंद्र, विनेश सहित अनेक लोगों के हस्ताक्षर मौजूद थे।


