cbamazon
उत्तर प्रदेश

नहर पटरी से मिट्टी का अवैध खनन, सींचपाल ने थाने में दी तहरीर

नहर पटरी से मिट्टी का अवैध खनन, सींचपाल ने थाने में दी तहरीर


- वैठ और सहसपुरा पुल के बीच जेसीबी और डंपरों से हुआ अवैध खनन
- रेगुलेटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से खुल सकते हैं राज


गढ़मुक्तेश्वर (गुफरान अली)।
सिंभावली सिंचाई विभाग की अनूपशहर ब्रांच नहर की पटरी से जेसीबी और डंपरों के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सिंचाई विभाग के सींचपाल विजयपाल सिंह ने थाना सिंभावली में तहरीर देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


सींचपाल विजयपाल सिंह के अनुसार शुक्रवार रात बक्सर रेगुलेटर से नीचे ग्राम वैठ और सहसपुरा पुल के बीच अज्ञात लोगों ने जेसीबी और डंपरों की मदद से नहर पटरी से भारी मात्रा में मिट्टी का अवैध खनन किया। विभाग का कहना है कि इससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि रेगुलेटर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
वहीं क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि वैठ और सहसपुरा पुल के बीच लंबे समय से जेसीबी और डंपरों के माध्यम से करीब 10 बीघा खेत में मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। जो अनूपशहर नहर पटरी से होकर ही किया जा रहा है। बारिश में खेत से मिट्टी उठाने संभव नहीं होता। ग्रामीणों का कहना है कि यह काम सिंचाई विभाग के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा है। उनका दावा है कि विभाग को पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर अवैध खनन में शामिल लोगों के साथ-साथ यदि किसी सरकारी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाए तो उसके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि सिंचाई विभाग की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।