cbamazon
उत्तर प्रदेश

ऑपरेशन शस्त्र के तहत एक माह में 208 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन शस्त्र के तहत एक माह में 208 आरोपी गिरफ्तार

मेरठ परिक्षेत्र में 185 अवैध हथियार और 214 कारतूस बरामद, 180 मुकदमे दर्ज

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

 

मेरठ। मेरठ परिक्षेत्र में अवैध हथियार रखने और उनकी तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सितंबर माह में अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। ऑपरेशन शस्त्र के तहत एक महीने में 208 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 185 अवैध हथियार और 214 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 180 मुकदमे दर्ज किए हैं।डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर एक से 30 सितंबर तक मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में यह अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य अवैध हथियारों की तस्करी रोकना और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना है।

मेरठ में 106 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, मेरठ जिले में सबसे अधिक कार्रवाई हुई। यहां 82 मुकदमे दर्ज कर 106 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 83 अवैध हथियार और 114 कारतूस बरामद हुए।बुलंदशहर में 62 मुकदमे दर्ज कर 65 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यहां से 66 हथियार और 63 कारतूस बरामद हुए। बागपत में 22 मुकदमे दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यहां 22 हथियार और 22 कारतूस मिले। वहीं, हापुड़ में 14 मुकदमे दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यहां से 14 हथियार और 15 कारतूस बरामद किए गए।

गोलीकांड में मदद करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

डीआईजी ने निर्देश दिए हैं कि गोलीकांड की घटनाओं में हथियार उपलब्ध कराने वालों और आरोपियों की मदद करने वालों की भी जांच की जाए। पुलिस पता लगाएगी कि हथियार किसका था, कहां से आया और घटना में किस वाहन का इस्तेमाल किया गया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन न करें और अवैध हथियार रखने वालों को अपने मकान या वाहन का इस्तेमाल न करने दें। अपराधियों को शरण देने, घर में हथियार छिपाने या उनकी मदद करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा पहले गोलीकांड और हथियारों के दुरुपयोग में शामिल रहे अपराधियों की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। जरूरत के अनुसार उनके खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने और गुंडा अधिनियम व गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।