बुलन्द संदेश /ब्यूरो
वरिष्ठ लिपिक पर चार्ज न सौंपने का आरोप, कार्यवाहक सफाई नायक के मेडिकल प्रमाणपत्र की जांच की भी उठाई मांग
मेडिकल सर्टिफिकेट की आड़ में कामकाज ठप करने का आरोप
सरधना। नगर पालिका परिषद सरधना में प्रशासनिक विवाद एक बार फिर चर्चा में है। सभासद शानू जैन ने जिलाधिकारी मेरठ को पत्र भेजकर वरिष्ठ लिपिक विपिन कुमार शर्मा और कार्यवाहक सफाई नायक ब्रजपाल सिंह के मेडिकल प्रमाणपत्रों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि दोनों कर्मचारियों के अवकाश पर रहने से पालिका का कामकाज प्रभावित हो रहा है और कई महत्वपूर्ण फाइलों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि वरिष्ठ लिपिक विपिन कुमार शर्मा पिछले करीब 15 वर्षों से लेखा, निर्माण और प्रधान लिपिक जैसे महत्वपूर्ण पटलों पर कार्यरत रहे हैं। आरोप है कि पटल परिवर्तन के आदेश के बाद भी उन्होंने संबंधित अभिलेख और कार्यभार नए कर्मचारी को नहीं सौंपा तथा मेडिकल अवकाश पर चले गए। इससे पालिका के वित्तीय, निर्माण और अन्य प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पालिका प्रशासन ने उनके मेडिकल प्रमाणपत्र के सत्यापन के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजा है, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
सभासद ने आरोप लगाया कि कार्यवाहक सफाई नायक ब्रजपाल सिंह के मेडिकल प्रमाणपत्र की भी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि दोनों मामलों की वजह से पालिका का नियमित कार्य प्रभावित हो रहा है।सभासद शानू जैन ने जिलाधिकारी से दोनों कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्रों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, यदि अनियमितता मिले तो नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पालिका का लंबित कार्य सुचारु रूप से संचालित कराने के लिए संबंधित पटलों का कार्यभार तत्काल हस्तांतरित कराने की मांग की है।


