cbamazon
उत्तर प्रदेश

पुलिस की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ प्राचीन माँ शीतला मंदिर का मेला।

पुलिस की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ प्राचीन माँ शीतला मंदिर का मेला।

 

बुलंद संदेश ब्यूरो

 

शिकारपुर। थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव सेदगढ़ी स्थित प्राचीन माँ शीतला मंदिर पर आयोजित पारंपरिक मेला इस वर्ष भी पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो गया। आषाढ़ माह के प्रत्येक मंगलवार को लगने वाले इस ऐतिहासिक मेले में क्षेत्र सहित आसपास के जनपदों से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माँ शीतला के दर्शन-पूजन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना अहमदगढ़ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। मंदिर परिसर और मेले के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे आयोजन के दौरान कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

मेले में जलेबी, टिक्की, समोसे, चाऊमीन, बच्चों के खिलौने तथा महिलाओं के श्रृंगार की दुकानों पर दिनभर भारी भीड़ रही। बच्चों ने झूलों का भरपूर आनंद लिया, जबकि महिलाओं ने घरेलू उपयोग एवं श्रृंगार की वस्तुओं की खरीदारी की। पूरे मेले में श्रद्धा, उल्लास और उत्सव का माहौल देखने को मिला।

वर्तमान ग्राम प्रधान के पति बिट्टू कुमार ने बताया कि गांव सेदगढ़ी स्थित प्राचीन माँ शीतला मंदिर पर प्रत्येक वर्ष आषाढ़ माह के सभी मंगलवार को भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी आषाढ़ माह के पांचों मंगलवार को परंपरागत रूप से मेले का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक मान्यता के अनुसार कई श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया।

थाना प्रभारी निरीक्षक विसंबर दयाल गंगवार ने बताया कि मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल पूरे समय सतर्क रहा, जिसके चलते मेला बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ। उन्होंने मंदिर समिति, ग्रामवासियों, श्रद्धालुओं तथा व्यवस्था में सहयोग करने वाले सभी पुलिस कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग की सराहना की।