cbamazon
उत्तर प्रदेश

पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में चेन स्नैचिंग के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे बदमाश, पैर में चोट लगने के बाद पकड़े गए; दो चेन, तमंचे और बाइक बरामद

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। परतापुर थाना पुलिस और स्वाट टीम प्रथम ने मुठभेड़ के दौरान चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छीनी गई दो चेन, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गाजियाबाद से मेरठ आकर सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों से चेन लूटने की फिराक में थे।पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह स्वाट टीम को सूचना मिली कि चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल आरोपी मेरठ में वारदात करने आ रहे हैं। इसके बाद परतापुर पुलिस ने खरखौदा मोड़ पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया और अच्छरौंडा से बहादुरपुर जाने वाले मार्ग पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के अंडरपास के पास घेराबंदी कर दी।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि, पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद दोनों आरोपी एक्सप्रेसवे पर चढ़कर भागने लगे, लेकिन फिसलकर गिरने से उनके पैरों में चोट लग गई। पुलिस ने दोनों को पकड़कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

10 अक्टूबर की घटनाओं से जुड़ी हैं बरामद चेन

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र की अर्थला संजय कॉलोनी निवासी मो. दानिश (27) और लोनी के रूपनगर निवासी आसिफ अंसारी (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद दोनों चेन 10 अक्टूबर को परतापुर और कंकरखेड़ा थाना क्षेत्रों में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं से संबंधित हैं। इन मामलों में संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपियों के कब्जे से .315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, पीली धातु की दो चेन और बजाज डोमिनार मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

दानिश साहिबाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मो. दानिश साहिबाबाद थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ लूट, चेन स्नैचिंग और अवैध हथियारों से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आसिफ के खिलाफ भी मेरठ में चेन स्नैचिंग के मामले दर्ज हैं।कार्रवाई में परतापुर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम और स्वाट टीम प्रथम के प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।