बुलन्द संदेश ब्यूरो
कांठ (सुदेश बिश्नोई)। दिल्ली में आंदोलन के दौरान नीट छात्र-छात्राओं के साथ हुए गलत व्यवहार और रामपुर की जौहर अली यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश के विरोध में शनिवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम)/भीम आर्मी के द्वारा मुरादाबाद कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन के आह्वान पर पुलिस ने आजाद सामाज पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को रोक लिया। तड़के ही पुलिस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के घर पहुंच गई और उन्हें पूरी तरह से नजरबंद रखा गया। किसी को भी धरने में नहीं जाने दिया गया। आजाद समाज पार्टी (काशीराम) युवा के नगराध्यक्ष जीशान सिद्दीकी सहित कार्यकर्ताओं को कस्बा चौकी प्रभारी राहुल राघव व उपनिरीक्षक संजीव कुमार ने नजरबंद रखा। पुलिस ने गढ़ी में पूर्व विधायक मरहूम हाजी रिजवान अहमद खां के पौत्र व आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के नेता अमीरउद्दीन उर्फ कादर आफाक खां को भी हाउस अरेस्ट करते हुए नजरबंद रखा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट छात्रों के आंदोलन और रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में मुरादाबाद में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले कांठ पुलिस ने उमरी कलां निवासी युवा समाज सेवी सैय्यद मौअज्जम अली उर्फ आजम पुत्र नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी उस्मान अली को उनके आवास पर ही रोक लिया। उपनिरीक्षक पुलिस के साथ पहुंचे और सैय्यद मौअज्जम अली को पूरी तरह से नजरबंद रखा।


