बुलन्द संदेश ब्यूरो
गाज़ियाबाद (आशा चौधरी) आज प्राथमिक विद्यालय नेकपुर में नामांकन उत्सव एवं विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रहे। उन्होंने विद्यालय के बच्चों को अपने हाथों से भंडारा परोसा तथा बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील ग्रहण किया। उनके इस आत्मीय व्यवहार से बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ. पी. यादव द्वारा विद्यालय में उपस्थित 10 बच्चों का नामांकन अपने हाथों से किया गया और वहां उपस्थित सभी अभिभावकों से वार्तालाप करते हुए सरकारी स्कूल की गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ सरकार से मिलने वाली योजनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप यादव ने विद्यालय में संचालित विभिन्न नवाचारों एवं श्रेष्ठ शैक्षिक गतिविधियों (बेस्ट प्रैक्टिसस ) की विस्तृत जानकारी दी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, नवाचारों, अनुशासन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

उन्होंने विद्यालय की उत्कृष्ट छात्र संख्या, बच्चों की सक्रिय सहभागिता तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विद्यालय परिवार की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए प्रधानाचार्य एवं समस्त विद्यालय स्टाफ को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालय नेकपुर अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत है और यहाँ किए जा रहे नवाचार निश्चित रूप से अनुकरणीय हैं। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों द्वारा भंडारा प्रसाद ग्रहण करने के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


