बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। भूपेंद्र पुरी कॉलोनी निवासी पूर्व सभासद विनोद गौतम ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र देकर सार्वजनिक मार्ग पर गेट लगाकर किए गए कथित अतिक्रमण को हटाने तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने सार्वजनिक भूमि एवं रास्ते पर अतिक्रमण कर अवैध रूप से गेट लगा रखा है। इसके अलावा बैनामे से अधिक भूमि पर कब्जा किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। विनोद गौतम ने बताया कि इस संबंध में गत् 15 जून को भी शिकायत की गई थी। जिसके आधार पर नगर पालिका द्वारा नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि रात्रि के समय गेट बंद कर दिए जाने से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से सार्वजनिक मार्ग से अवैध गेट एवं अन्य अतिक्रमण तत्काल हटाने, दोषियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम के तहत कार्रवाई करने तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को पत्र भेजने की मांग की है।
पूर्व सभासद ने जनहित का हवाला देते हुए पालिका प्रकरण में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।


