बुलन्द संदेश /ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के दनकौर थाना क्षेत्र के ग्राम गुनपुरा की तीन महिलाओं ने गांव के पांच लोगों पर पैतृक संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी बैनामे कराने, घर से बेदखल करने का प्रयास करने, अभद्रता करने और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में महिलाओं ने महिला सुरक्षा पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
लक्ष्मी, सुदेश और जागन देवी ने महिला डीसीपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से अंकुश, अरुण नागर, अभिषेक उर्फ हड्डू, पंकज पुत्र सतपाल और राहुल नागर पुत्र कन्ही राम ने सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र रचा। आरोप है कि लक्ष्मी के पति लोकेश को नशे की लत में धकेलकर राजस्व अभिलेखों में हेरफेर की गई और सह-खातेदार की अनुपस्थिति का लाभ उठाते हुए 27 और 28 मार्च 2026 को फर्जी बैनामे करा लिए गए। महिलाओं का कहना है कि वर्तमान में लोकेश नशा मुक्ति केंद्र में उपचाराधीन हैं।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि 82 वर्षीय जागन देवी की पैतृक भूमि को भी फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेच दिया गया। उनका कहना है कि राजस्व अभिलेखों में हेरफेर कर उनकी पुश्तैनी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि जब तीनों महिलाएं शांतिपूर्वक आरोपियों के घर पहुंचीं और फर्जी बैनामे निरस्त करने की बात कही तो उनके साथ गाली-गलौज, अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि अब यदि कोई भी महिला या पुरुष जमीन के मामले में बीच में आया तो उसे सरेआम गोली मार दी जाएगी।
महिलाओं का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिसके कारण पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है। उनका कहना है कि स्थानीय थाना पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने महिला सुरक्षा डीसीपी से न्याय की गुहार लगाई।
महिलाओं ने मांग की है कि उन्हें और उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए, जबरन बेदखली रोकी जाए तथा आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


