बुलंद संदेश ब्यूरो
गोवर्धन रोड स्थित ज्योति फार्म हाउस में वारदात, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस; आरोपी मौके से गिरफ्तार
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के गोवर्धन रोड स्थित ज्योति फार्म हाउस में शनिवार शाम रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। पत्नी और चचेरे भाई के बीच अवैध संबंध होने के शक में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम करीब 5:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि पवन चौधरी ने अपने चचेरे भाई गजेंद्र चौधरी को गोली मार दी है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी और थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी पवन चौधरी को अपनी पत्नी और मृतक गजेंद्र के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार शाम आरोपी ने लाइसेंसी पिस्टल से गजेंद्र पर गोली चला दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पवन चौधरी को घटनास्थल से ही उसकी लाइसेंसी पिस्टल सहित हिरासत में ले लिया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
वर्जन
सीओ रिफाइनरी ने बताया कि डायल-112 से सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। आरोपी पवन चौधरी को लाइसेंसी पिस्टल सहित हिरासत में ले लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


