एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। हापुड़ जिले में पत्रकार नसीम अहमद की हत्या के विरोध में सरधना पत्रकार एसोसिएशन ने रोष जताया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम उदित नारायण सेंगर को ज्ञापन सौंपकर हत्यारोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मृतक पत्रकार के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई।ज्ञापन में बताया गया कि पत्रकार नसीम अहमद 18 सितंबर 2026 को जरौठी रोड स्थित एक फ्लोर मिल में विज्ञापन के सिलसिले में गए थे। आरोप है कि वहां मिल संचालक और उसके साथियों ने उनकी हत्या कर दी। इस घटना से पत्रकारों में रोष है।एसोसिएशन के अध्यक्ष वकार खान ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होता है और लोकतंत्र में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समाज की समस्याओं और सच्चाई को सामने लाते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।ज्ञापन के माध्यम से हत्यारोपियों की संपत्ति कुर्क करने और उनके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग भी की गई। इसके अलावा मृतक पत्रकार के परिवार को सुरक्षा देने और पत्रकारों के साथ किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।एसोसिएशन ने सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग करते हुए कहा कि इससे पत्रकार बिना किसी डर के अपना काम कर सकेंगे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, शाह आलम त्यागी, जावेद अब्बासी, अजय चौधरी, दानिश अंसारी, लुकमान चौहान, इरशाद चौधरी, अनुज कुमार, ललित गुप्ता, आस मोहम्मद, यासीन यूसुफ, सुहेल अंसारी, आसिफ अंसारी और अली चौहान मौजूद रहे।


