cbamazon
उत्तर प्रदेश

*राज नगर एक्सटेंशन स्थित एम. एल. पब्लिक स्कूल*

*राज नगर एक्सटेंशन स्थित एम. एल. पब्लिक स्कूल*

बुलन्द संदेश ब्यूरो

 गाज़ियाबाद (आशा चौधरी) बालिका खो-खो टीम ने अपनी प्रतिभा, कड़े परिश्रम और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए सीबीएसई क्लस्टर XIX खो-खो टूर्नामेंट में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक (गोल्ड मैडल )पर कब्जा जमाया है।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित यह चार दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता उत्तराखंड के टाली, बाजपुर स्थित *मदर इंडिया पब्लिक स्कूल* में संपन्न हुई। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में क्षेत्र के कई दिग्गज विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया था।

खो-खो जैसे गति और रणनीति से भरे खेल में एम. एल. पब्लिक स्कूल की बालिकाओं ने शुरुआती दौर से ही अपना दबदबा बनाए रखा। बेहतरीन तालमेल, त्वरित निर्णयों और शानदार डाइव के बल पर टीम ने हर मुकाबले में विरोधी टीमों को मात दी। फाइनल मैच में खिलाड़ियों के अनुशासन और अटूट जज्बे ने दर्शकों और निर्णायकों दोनों का दिल जीत लिया। इस ऐतिहासिक जीत के पीछे खिलाड़ियों की महीनों की कड़ी मेहनत, तड़के की ट्रेनिंग और प्रशिक्षकों (कोच) का मार्गदर्शन रहा।

जीत की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने भावुक और प्रेरणादायक संदेश देते हुए टीम को बधाई दी:यह स्वर्ण पदक केवल एक जीत नहीं, बल्कि हमारी बेटियों के त्याग, अनुशासन और कभी न हार मानने वाले जज्बे की मिसाल है। मैदान पर जिस साहस, गरिमा और आपसी सहयोग के साथ हमारी बालिकाओं ने खेल दिखाया, उसने हम सभी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। यह जीत यह साबित करती है कि जब संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं।"