बुलन्द संदेश ब्यूरो
छात्रावास, खेल सुविधाओं, स्वास्थ्य केंद्र और निर्माण कार्यों का लिया जायजा, गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य पूरे करने के दिए निर्देश
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय संस्थान बनाने के लिए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता न किया जाए।राज्यपाल ने प्रशासनिक भवन में विश्वविद्यालय की प्रगति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। कुलपति मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) दीप अहलावत ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया कि विश्वविद्यालय में खेल शिक्षा के साथ खेल विज्ञान, खेल चिकित्सा, खेल प्रबंधन और अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने छात्र-छात्राओं के छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, कॉमन मेस और खेल सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए पौष्टिक भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षित छात्रावास और आधुनिक खेल संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं और शोध सुविधाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर को ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित करने के निर्देश देते हुए सोलर पैनलों के अधिक उपयोग, जल संरक्षण, अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग और व्यापक वृक्षारोपण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने की बात भी कही।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें विश्वविद्यालय से जोड़ने की प्रभावी योजना बनाई जाए। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ समन्वय बढ़ाने तथा प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल प्रणाली और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय, खेल विभाग के विशेष सचिव कुमार विनीत, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और विश्वविद्यालय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।राज्यपाल ने विश्वास जताया कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय भविष्य में देश के प्रमुख खेल विश्वविद्यालयों में अपनी अलग पहचान बनाएगा और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।


