cbamazon
उत्तर प्रदेश

*रोजगार मेले में 106 अभ्यर्थी चयनित एवं शॉर्टलिस्ट*

*रोजगार मेले में 106 अभ्यर्थी चयनित एवं शॉर्टलिस्ट*

बुलन्द संदेश ब्यूरो

गाजियाबाद (आशा चौधरी )जिला सेवायोजन कार्यालय, गाजियाबाद एवं एच.एल.एम. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, दिल्ली-मेरठ रोड, गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को एच.एल.एम. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. अनुज अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी दिव्या त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत युवाओं को देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में करियर उन्मुख रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से सेवायोजन विभाग द्वारा समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की पांच प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें बजाज लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड, जी.एम.पी. टेक्निकल सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, हिंदूजा हाउसिंग फाइनेंस, एस.के.एम. प्लेसमेंट एंड मैनेजमेंट सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों द्वारा मानव संसाधन कार्यकारी, फील्ड अधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर, बिक्री प्रबंधक, उत्पादन सहायक, तकनीशियन एवं कनिष्ठ अभियंता सहित विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए।

रोजगार मेले में कुल 453 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत 106 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों द्वारा 16 हजार रुपये से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतनमान पर चयनित एवं शॉर्टलिस्ट किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला सेवायोजन अधिकारी दिव्या त्रिपाठी, एच.एल.एम. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक डॉ. अनुज अग्रवाल, डॉ. मोहित जिंदल तथा संस्थान एवं सेवायोजन विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।