सम्भल। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में उच्च शिक्षा के महत्व और उसके प्रचार-प्रसार को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए शिक्षकों ने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में डॉ. अमृतेश अवस्थी ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को संस्कारवान बनाती है और उच्च शिक्षा सफलता के नए द्वार खोलती है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, इंजीनियर, सिविल सेवा और अन्य सामाजिक सेवा क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए उच्च शिक्षा बेहद आवश्यक है। उच्च शिक्षित व्यक्ति नौकरी, व्यापार और पारिवारिक जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकता है।
हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विजय लक्ष्मी शर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं बल्कि व्यक्ति को चेतनावान और तार्किक बनाती है। उच्च शिक्षा व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अर्थशास्त्र विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अर्चना बंसल ने महिलाओं की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि जब एक लड़की पढ़ती है तो पूरी पीढ़ी शिक्षित होती है। शिक्षित नारी परिवार और समाज दोनों को मजबूत बनाती है।
कार्यशाला महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) योगेंद्र सिंह के निर्देशन में आयोजित की जा रही श्रृंखला का हिस्सा रही। कार्यक्रम का उद्देश्य उच्च शिक्षा में नामांकन दर बढ़ाने के साथ-साथ एमजीएम महाविद्यालय में छात्र संख्या में वृद्धि करना है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा।


