cbamazon
उत्तर प्रदेश

रोक के बावजूद बिना अनुमति धड़ल्ले से उठ रही मिट्टी, जिम्मेदार बने मूकदर्शक

रोक के बावजूद बिना अनुमति धड़ल्ले से उठ रही मिट्टी, जिम्मेदार बने मूकदर्शक

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

नंगला ऑर्डर में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से दिन-रात खनन का आरोप, हाईटेंशन लाइन के नीचे भी खोदी जा रही मिट्टी


सरधना। शासन स्तर पर रोक होने के बावजूद सरधना क्षेत्र के गांव नंगला ऑर्डर में बिना अनुमति मिट्टी खनन का खेल खुलेआम जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए दिन-रात मिट्टी निकाली जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं। इससे क्षेत्र में प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि खनन करने वाले बेखौफ होकर हाईटेंशन बिजली लाइन के नीचे से भी मिट्टी खोद रहे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद न तो खनन विभाग मौके पर पहुंच रहा है और न ही स्थानीय प्रशासन कोई प्रभावी कार्रवाई करता दिखाई दे रहा है।


लोगों का आरोप है कि बिना अनुमति हो रहे इस खनन से सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंच रहा है। खुलेआम चल रहे इस कारोबार के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय-समय पर सख्ती से जांच होती, तो अवैध खनन इस तरह खुलेआम नहीं चलता।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि दिनभर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही से ग्रामीण रास्ते क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और धूल उड़ने से आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हाईटेंशन लाइन के नीचे लगातार खुदाई होने से सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और खनन विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बिना अनुमति हो रहे खनन पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अवैध खनन का यह कारोबार और तेजी से बढ़ेगा, जिससे सरकारी राजस्व के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।