cbamazon
उत्तर प्रदेश

रेलवे इंजन से लाखों के लॉक चोरी करने वाला गिरोह दबोचा

रेलवे इंजन से लाखों के लॉक चोरी करने वाला गिरोह दबोचा

बुलन्द संदेश ब्यूरो

मोदीनगर (अनवर खान)। रेलवे इंजनों से महंगे पीतल के हैंडल लॉक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए रेलवे पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 27 हैंडल लॉक बरामद किए हैं। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

          रेलवे पुलिस निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि रेलवे इंजनों से लगातार हैंडल लॉक चोरी होने की घटनाओं के बाद विशेष टीम गठित कर निगरानी बढ़ाई गई थी। जांच के दौरान मंगलवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी रामप्रताप वर्मा से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर बुधवार शाम नंदग्राम निवासी अनिलवीर गौतम, विजय कुमार सोनी तथा मोहननगर निवासी अशरफ अली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना अनिलवीर गौतम है। जो करीब डेढ़ वर्ष पूर्व रेलवे में इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हुआ था। रेलवे की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी का फायदा उठाकर उसने गिरोह बनाया और ट्रैक पर खड़े इंजनों से हैंडल लॉक चोरी कराना शुरू कर दिया।

           पूछताछ में यह भी सामने आया कि संदेह से बचने के लिए अनिलवीर गौतम रेलवे की वर्दी पहनता था, अपने पास फर्जी रेलवे पहचान पत्र रखता था और मोटरसाइकिल पर भी 'रेलवे' लिखवा रखा था। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के नेटवर्क और बरामद सामान के संबंध में आगे की जांच कर रही है।