रेलवे पुल निर्माण से नया बस स्टैंड बंद, माल गोदाम रोड से चल रहीं बसें; रोडवेज को रोजाना 4–5 लाख के राजस्व का नुकसान
यात्रियों की बढ़ी परेशानी, जानकारी के अभाव में निजी वाहनों का कर रहे इस्तेमाल; रोडवेज ने अधिकृत बसों से ही यात्रा करने की अपील की
मथुरा में नए बस स्टैंड के पास रेलवे पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते नए बस स्टैंड का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। फिलहाल मथुरा डिपो की सभी रोडवेज बसों का संचालन माल गोदाम रोड से किया जा रहा है। इस बदलाव से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, रोडवेज विभाग को प्रतिदिन करीब चार से पांच लाख रुपये के राजस्व का नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, कई यात्रियों को बसों के बदले हुए संचालन स्थल की जानकारी नहीं है। इसका फायदा उठाकर कुछ ऑटो और टेंपो चालक यात्रियों को गुमराह कर अन्य स्थानों पर ले जा रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में यात्री रोडवेज बसों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और निजी वाहनों का उपयोग करने को मजबूर हो रहे हैं।
विभाग का कहना है कि माल गोदाम रोड से निजी डग्गामार वाहन भी संचालित हो रहे हैं, जिससे रोडवेज की आय प्रभावित हो रही है। यात्रियों के निजी वाहनों की ओर रुख करने के कारण विभाग को प्रतिदिन चार से पांच लाख रुपये तक के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
अधिकारी का वर्जन:
रोडवेज केंद्र प्रभारी जयप्रकाश शुक्ला ने बताया कि रेलवे पुल निर्माण कार्य के कारण नए बस स्टैंड का संचालन अस्थायी रूप से बंद किया गया है और सभी रोडवेज बसें माल गोदाम रोड से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे सही जानकारी प्राप्त कर केवल अधिकृत रोडवेज बसों का ही उपयोग करें। पुल निर्माण पूरा होने के बाद नए बस स्टैंड से पुनः नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों की परेशानी और विभाग को हो रहे राजस्व नुकसान में कमी आएगी।


