बुलन्द संदेश ब्यूरो
अमरोहा (डा.महताब अमरोहवी )
रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय के 38 केम्पस को तोड़े जाने के प्रस्तावित कार्यवाही पर तत्काल रोक लगाने तथा निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सदर विधायक व लोक लेखा समिति के सभापति महबूब अली अपने आवास से निकले ही थे कि पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। गांधी मूर्ति के पास महबूब अली व उनके काफिले को रोके जाने पर सपा कार्यकर्ता तथा महबूब अली समर्थक आग बबूला हो गए। उन्होंने यहां जमकर नारेबाजी की। प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हाय हाय के नारे लगाए। स्वयं महबूब अली ने भी अपना रोष व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को लोकतंत्र विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को अपना विरोध दर्ज कराने का अधिकार है। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने उनके काफिले को रोक कर ठीक नहीं किया है। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रही। काफी समय तक जद्दोजहद जारी रही। जिसके बाद महबूब अली ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।तत्पश्चात पुलिस प्रशासन ने महबूब अली को कुछ समय के लिए हाउस अरेस्ट भी किया।

इस मौके पर पूर्व एमएलसी परवेज अली, महमूद अली उर्फ भूरे, जोया नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जाहिद हुसैन, शशिकांत गोयल,शुजा उल हसन, भगत सिंह बॉबी, अब्दुल वहाब सैफी, तौसीफ चड्ढा, मुख़्तार नक़वी ,आमिर आफताब सैफी, जनाब फारूकी, साजिद अली, कामेश प्रधान, ज़ाकिर अली, हाजी जमशेद, डॉ.अश्कार , आरिफ़ एडवोकेट,महेश यादव, हाजी असलम, जावेद अली, नासिर अली, मुदस्सिर ख़ान आदि मौजूद रहे।


