cbamazon
उत्तर प्रदेश

रतुपुरा में विधवा का आशियाना उजड़ा, वैठ में भी मकान क्षतिग्रस्त; प्रशासन ने सहायता का दिया भरोसा

रतुपुरा में विधवा का आशियाना उजड़ा, वैठ में भी मकान क्षतिग्रस्त; प्रशासन ने सहायता का दिया भरोसा

बुलन्द संदेश /ब्यूरो

गढ़मुक्तेश्वर (गुफरान अली)।
लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार को सिंभावली क्षेत्र के गांव रतुपुरा और वैठ में एक-एक कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि दोनों परिवारों के सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। 

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घटना का जायजा लिया।
रतुपुरा गांव निवासी विधवा राजवती ने बताया कि वह मजदूरी कर किसी तरह अपना जीवनयापन कर रही हैं। परिवार में कोई स्थायी कमाने वाला नहीं है। लगातार बारिश के कारण उनके कच्चे मकान की छत गिर गई, जिससे अब उनके सामने रहने का भी संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं, वैठ गांव निवासी छोटे खां के कच्चे मकान की छत भी बारिश के चलते ढह गई। छोटे खां ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से बीमारी के कारण काम पर नहीं जा पा रहे हैं, जिससे आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है।


उन्होंने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी सुहालिन, बेटा शहजाद और बेटी निदा घर में मौजूद थे। छत गिरने से पहले सभी लोग बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकान में रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिसे बाद में बाहर निकलवाया गया।
ग्रामीण गफ्फार, मारूफ और फिरासत अली ने प्रशासन से दोनों पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता तथा प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा अन्य सरकारी आवास योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सिंभावली सुरेश कुमार ने बताया कि मकान की छत गिरने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है तथा मलबे में दबा घरेलू सामान भी निकलवा दिया गया है।

तहसीलदार गढ़मुक्तेश्वर पवन यादव ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। शासन की ओर से नियमानुसार जो भी सहायता पात्र होगी, वह पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराई जाएगी।