cbamazon
उत्तर प्रदेश

संभल में गुड़ में मिलावट पर सख्त कार्रवाई,कई कोल्हुओं से नमूने लिए गए

संभल में गुड़ में मिलावट पर सख्त कार्रवाई,कई कोल्हुओं से नमूने लिए गए

 


बुलन्द संदेश/ लल्ला सलमानी 

सम्भल। आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुड़ में मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 मानवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने जनपद के ग्राम जनैटा स्थित विभिन्न गुड़ कोल्हुओं का औचक निरीक्षण किया।
       निरीक्षण के दौरान मिलावट की आशंका के चलते सात अलग-अलग स्थानों से गुड़ और चीनी के नमूने संग्रहित किए गए। जिन कारोबारियों के यहां से नमूने लिए गए उनमें इमरान खान,इस्तकार,नन्नू, आनिल,ताहिर अली,शाने आलम और अतीक अहमद शामिल हैं। कुछ स्थानों पर गुड़ के साथ चीनी को अपमिश्रक के रूप में प्रयोग किए जाने की भी आशंका जताई गई, जिसके चलते संबंधित नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु भेज दिए गए हैं।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर कई अनियमितताएं भी पाई,जिस पर सभी खाद्य कारोबारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की मिलावट या मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।सहायक आयुक्त मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार,सुधीर कुमार,अशोक कुमार और रामजीत भी मौजूद रहे। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।